home page

अर्शदीप सिंह ने जीता ICC पुरुष T20I क्रिकेटर ऑफ द ईयर का पुरस्कार, ये सब खिलाड़ी रह गये पीछे

 | 
ICC Men’s T20I Cricketer of the Year 2024

ICC Men’s T20I Cricketer of the Year 2024: अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने शनिवार को भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को 2024 के लिए ICC पुरुष T20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर ऑफ द ईयर पुरस्कार से सम्मानित किया। इस पुरस्कार के लिए कुल चार खिलाड़ी दौड़ में थे। 25 वर्षीय अर्शदीप ने पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम, ऑस्ट्रेलियाई आक्रामक बल्लेबाज ट्रैविस हेड और जिम्बाब्वे के ऑलराउंडर सिकंदर खान से आगे निकलकर यह पुरस्कार जीता। 2022 में डेब्यू करने वाले अर्शदीप को पहली बार यह अवॉर्ड मिला है।

इस भारतीय गेंदबाज ने पिछले साल शानदार प्रदर्शन किया था। अर्शदीप ने 2024 में 18 मैचों में 13.50 की औसत से 36 विकेट लिए। वह छोटे प्रारूप में भारत के लिए सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। एक कैलेंडर वर्ष में केवल चार खिलाड़ियों ने अर्शदीप से अधिक टी-20 विकेट लिए हैं। उनके बाद सऊदी अरब के उस्मान नजीब (38), श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा (38), यूएई के जुनैद सिद्दीकी (40) और हांगकांग के एहसान खान (46) का स्थान है।

उन्होंने वर्ष का समापन 7.49 की इकॉनमी रेट के साथ किया, हालांकि उन्होंने अधिकतर गेंदबाजी पावरप्ले और डेथ ओवरों में की। उनका स्ट्राइक रेट 10.80 था। उन्होंने 2024 टी20 विश्व कप में शानदार गेंदबाजी की थी। उन्होंने टूर्नामेंट में संयुक्त रूप से सर्वाधिक 17 विकेट लिए और भारत की खिताबी जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके साथ ही भारत ने अपना 11 साल का आईसीसी खिताब का सूखा खत्म कर दिया।

उन्होंने टी-20 विश्व कप के ग्रुप चरण में संयुक्त राज्य अमेरिका के खिलाफ अपनी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की। इस मैच में उन्होंने चार ओवर में 9 रन देकर 4 विकेट लिये। यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन था। उन्होंने टी-20 विश्व कप फाइनल में भी प्रभावशाली गेंदबाजी की। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खिताबी मुकाबले में अर्शदीप ने अपने चार ओवर में सिर्फ 20 रन दिए और दो महत्वपूर्ण विकेट लिए।